भारत आने वाले कई दशकों तक हिंदू बहुसंख्यक देश बना रहेगा, लेकिन धार्मिक संरचना में धीरे-धीरे बदलाव का अनुमान है। प्यू रिसर्च सेंटर के नए अध्ययन के मुताबिक़, साल 2070 तक भारत की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 76 फ़ीसदी रह जाएगी, जो 2020 में 79 फ़ीसदी थी। वहीं मुसलमानों का हिस्सा 15 फ़ीसदी से बढ़कर 20 फ़ीसदी हो जाएगा। अध्ययन में 201 देशों के आंकड़ों के आधार पर 2020 से 2070 के बीच सात धार्मिक समूहों की आबादी का आकलन किया गया है। इसमें जनगणना और सर्वेक्षणों के आंकड़े, उम्र संबंधी स्थिति, प्रजनन दर और धर्म बदलने के मामलों के अंतर को ध्यान में रखा गया है।

इस बदलाव की मुख्य वजह उम्र और प्रजनन दर में अंतर बताया गया है। प्यू के मुताबिक़, 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत उम्र 29 साल थी। अनुमान है कि 2025 से 2030 के बीच भारत में मुस्लिम महिलाएं औसतन 2.3 बच्चे पैदा करेंगी, जबकि हिंदू महिलाओं में यह आंकड़ा 1.8 होगा। प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफ़नी क्रेमर ने बीबीसी को बताया कि भारत में धार्मिक बदलाव की मुख्य वजह हिंदुओं और मुसलमानों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जनसांख्यिकीय अंतर होंगे। उन्होंने कहा कि प्रजनन दर का यह अंतर काफ़ी कम हुआ है और आगे भी कम होते रहने की संभावना है।

रिपोर्ट के मुताबिक़, अगर जनसंख्या बढ़ने के मौजूदा रुझान जारी रहते हैं, तो 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ने की उम्मीद है और देश की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी तीन-चौथाई से ज़्यादा बनी रहेगी। अनुमान है कि 2070 तक भारत में मुसलमानों की आबादी लगभग 33.4 करोड़ होगी। पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी बढ़कर अनुमानित 46.1 करोड़ हो जाएगी और वह इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। भारत दूसरे स्थान पर रहेगा, जबकि बांग्लादेश में मुस्लिम आबादी बढ़कर 21.8 करोड़ हो जाएगी। भारत और नेपाल दुनिया के ऐसे दो देश बने रहेंगे जहां हिंदू बहुसंख्यक हैं।

प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के भारतीय जनसांख्यिकी विशेषज्ञ केएस जेम्स ने बीबीसी को बताया कि ये अनुमान हैरान करने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों और हिंदुओं के बीच प्रजनन दर का अंतर पहले से ही स्थापित है, लेकिन सभी धार्मिक समुदायों में प्रजनन दर घट रही है और यह अंतर आगे और कम होने की उम्मीद है। उनके मुताबिक़, आख़िरकार दोनों की प्रजनन दर एक जैसी हो जाएगी। जनसांख्यिकी विशेषज्ञ उन दावों को ख़ारिज करते हैं, जिन्हें अक्सर हिंदू दक्षिणपंथी समूह बढ़ावा देते हैं और जिनमें कहा जाता है कि भविष्य में मुसलमानों की आबादी हिंदुओं से ज़्यादा हो जाएगी। उनका कहना है कि भारत में आबादी में बदलाव के पीछे बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन होने का कोई सबूत नहीं है और ये अनुमान ऐसे डर पैदा करने वाले दावों का समर्थन नहीं करते।