अग्निवीर स्कीम के तहत भर्ती जवानों को शुरू में परमानेंट नौकरी नहीं मिलती थी। पहले यह चार साल का कॉन्ट्रैक्ट हुआ करता था, जिसे हाल ही में बढ़ाकर छह साल कर दिया गया है। इसके बाद भी अग्निवीरों को परमानेंट होने का मौका मिलता है। इसी बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

दिल्ली में रहकर सरकारी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले और यूपी के अवध क्षेत्र से आए एक शख्स का यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट 'राजधानी निवासी' पर पोस्ट किया गया है। वीडियो में वह बताता है कि लोग उसकी मां से कहते थे कि तेरा बेटा अग्निवीर है, चार साल बाद घर आएगा, क्या करेगा। मां यह सब सुनकर शांत रहती थीं, क्योंकि दिल में तूफान था, लेकिन चेहरे पर मुस्कान थी।

शायरी में आगे कहा गया है कि फिर एक दिन खबर आई कि अग्निवीर अब परमानेंट है। तब मां ने मुस्कुराकर कहा कि मेरा बेटा कल भी फौजी था, आज भी है और आगे भी रहेगा। अब न कोई ताना होगा और न ही कोई सवाल। मेरे बेटे के सिर पर हमेशा तिरंगे का ही ताज होगा।

पोस्ट के कैप्शन में 'तेरा बेटा अग्निवीर है' लिखा गया है। यह वीडियो अब तक 27 लाख बार देखा जा चुका है, जबकि दो लाख से अधिक यूजर्स ने इसे लाइक किया है। बता दें कि पहले चार साल सेवा देने वालों में से सिर्फ 25 प्रतिशत को ही आगे सेवा का मौका मिलता था, जबकि अब दो साल के एक्सटेंशन के बाद जवानों को छह साल सेवा देने का मौका मिलेगा। इसके बाद फिटनेस, अनुशासन और कड़ी परीक्षा के जरिए परमानेंट फौजी बनने का अवसर मिलेगा। वीडियो पर यूजर्स अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।