नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर और पब्लिक प्रोसिक्यूटर पदों के लिए भर्ती निकाली है। ये नियुक्तियां कॉन्ट्रेक्ट बेस पर होंगी, जिनकी शुरुआती अवधि एक साल की तय की गई है। सेवा और प्रदर्शन के आधार पर कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है। एजेंसी की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर के 6 और पब्लिक प्रोसिक्यूटर के 5, कुल 11 पद भरे जाने हैं।

सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से लॉ में बैचलर डिग्री और बार में आपराधिक मामले संभालने का कम से कम 8 साल का अनुभव जरूरी है। पब्लिक प्रोसिक्यूटर पद के लिए लॉ में बैचलर डिग्री के साथ आपराधिक मामलों में कम से कम 7 साल का कार्य अनुभव मांगा गया है। विज्ञापन के अनुसार सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर को 1,25,000 रुपये प्रति माह और पब्लिक प्रोसिक्यूटर को 1,00,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे।

दोनों पदों पर नियुक्ति फुल टाइम कॉन्ट्रेक्ट के आधार पर होगी। चयनित उम्मीदवार सेवा अवधि पूरी होने के बाद एनआईए में नियमित नौकरी का दावा नहीं कर सकेंगे। वेतन के अलावा हाउस रेंट अलाउंस, मेडिकल रीइंबर्समेंट और लीव ट्रेवल कंसेशन जैसी सुविधाएं नहीं दी जाएंगी।

आवेदन ऑफलाइन प्रक्रिया से करने होंगे। उम्मीदवार एनआईए की वेबसाइट nia.mha.gov.in से आवेदन फॉर्म का फॉर्मेट डाउनलोड करें और एनेक्सचर-वन का प्रिंट निकालें। फॉर्म में पद का नाम, नाम, जन्मतिथि, पता, टेलीफोन नंबर, प्रैक्टिस का स्थान, शैक्षणिक और पेशेवर योग्यता, परीक्षा पास करने का वर्ष, अनुभव और महत्वपूर्ण मामलों की जानकारी भरनी होगी। जानकारी से जुड़े दस्तावेज सेल्फ अटेस्टेड करके लिफाफे में लगाएं और हस्ताक्षर के साथ फॉर्म रजिस्टर्ड या स्पीड पोस्ट से डीआईजी (एडमिन), एनआईए हेडक्वार्टर, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003 के पते पर भेजें। विज्ञापन 11 नवंबर 2026 को जारी हुआ था और आवेदन की आखिरी तारीख 11 दिसंबर 2026 है।