मुंबई में 13 नवंबर को ललिता कृष्णमूर्ति नाम की एक बुजुर्ग महिला का निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह मूल रूप से चेन्नई की रहने वाली थीं और पिछले 40 वर्षों से अकेली रह रही थीं। उनकी दो बेटियां हैं, लेकिन यह पता नहीं है कि वे कहां हैं या उनसे कैसे संपर्क किया जा सकता है। वह अपने पड़ोसियों से बेटियों के बारे में बात नहीं करती थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, निधन के बाद सोसायटी के लोगों ने बेटियों और नजदीकी रिश्तेदारों की तलाश शुरू की और अंतिम संस्कार से पहले अखबार में विज्ञापन देकर उनसे संपर्क करने की अपील की। विज्ञापन में उषा लक्ष्मीनारायण और पवन शेट्टी के नंबर दिए गए। यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एनबीटी ने विज्ञापन में दिए संपर्क सूत्रों से बातचीत की कोशिश की, मगर उन्होंने जवाब नहीं दिया। लिहाजा, यह खबर सोशल मीडिया पर ज्ञात तथ्यों के आधार पर दी जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ललिता कृष्णमूर्ति के आखिरी दिनों में उनके चचेरे भाई-बहनों ने ही उनकी देखभाल की थी। मौत के बाद जब परिवार का कोई करीबी सदस्य सामने नहीं आया, तो बिल्डिंग में रहने वाले लोगों ने ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। आंकड़ों के अनुसार, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 5 प्रतिशत भारतीय अकेले रहते हैं।
सोशल मीडिया पर इस घटना को शेयर किए जाने के बाद शहरों में अकेले रह रहे बुजुर्गों और बदलते पारिवारिक रिश्तों पर बहस शुरू हो गई। एक यूजर ने इसे दिल तोड़ने वाला बताया और सवाल किया कि क्या इंसानियत के लिए थोड़ी सी जगह भी नहीं बची है। एक अन्य यूजर ने कहा कि यह घटना कन्नड़ फिल्म 'क्रौर्य' की याद दिलाती है, लेकिन असल जिंदगी की सच्चाई उससे भी बदतर है। एक यूजर ने विज्ञापन में दिए नंबर पर कॉल करने का जिक्र करते हुए लिखा कि कुछ माएं ऐसी भी होती हैं जो बिल्कुल अकेली दम तोड़ देती हैं। एक अन्य यूजर ने कहा कि ऐसी स्थिति उन लोगों के साथ भी आती है जिनके बच्चे विदेश में रहते हैं और अचानक सूचना मिलने पर तुरंत वापस नहीं आ पाते।
