करूर जिले के चिन्नकालीपालयम गांव में गुरुवार शाम एक बगीचे के कुएं से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने कुएं में शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर वंगल पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान वेंगामेडु स्थित कोंगुनगर निवासी रामासामी (63), उनकी पत्नी जानकी (60), बेटी सुकुना (35) और सुकुना के दो बच्चों शिवानी (10) तथा अधिरन (4) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुकुना की शादी करीब 13 साल पहले वेलायुधमपालयम निवासी प्रभु से हुई थी और पिछले कुछ समय से दंपती के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सुकुना अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पांचों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी। इसके लिए टीम का गठन किया गया है।
