GTA 6 के ग्लोबल लॉन्च के बाद बेंगलुरु का इस गेम से जुड़ाव सामने आया है। बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या ने X पर पोस्ट कर जानकारी दी कि इस गेम को बनाने में बेंगलुरु के 1,600 से ज्यादा डेवलपर्स की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि GTA 6 का एक बड़ा हिस्सा बेंगलुरु में मौजूद Rockstar India की टीम ने तैयार किया है। पोस्ट में उन्होंने कहा कि अब तक बेंगलुरु को सिर्फ आईटी इंडस्ट्री के तौर पर जाना जाता रहा है, लेकिन यह उपलब्धि दिखाती है कि ग्लोबल वीडियो गेम डेवलपमेंट सेक्टर में भी भारत अपना लोहा मनवा रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कहानी की शुरुआत 1995 में राजेश राव की कंपनी Dhruva Interactive से होती है, जिसे सिर्फ एक कंप्यूटर के साथ शुरू किया गया था। पहले यह एक मल्टीमीडिया कंपनी थी, जिसने 1997 में गेम डेवलपमेंट के क्षेत्र में मौजूदगी बनाई। समय के साथ इस स्टूडियो ने अंतरराष्ट्रीय गेमिंग कंपनियों के बीच अपनी साख बनाई और Microsoft की मशहूर Forza Motorsport फ्रेंचाइजी समेत कई बड़े ग्लोबल गेम्स में योगदान दिया।

Dhruva Interactive की बढ़ती लोकप्रियता के बीच दिसंबर 2016 में स्वीडन की गेमिंग कंपनी Starbreeze ने इसमें बड़ी हिस्सेदारी खरीद ली। इसके बाद मई 2019 में Rockstar Games ने 7.9 मिलियन डॉलर में Starbreeze से इस भारतीय स्टूडियो का अधिग्रहण कर लिया। इसके बाद इस कंपनी के अनुभवी डेवलपर्स Rockstar India टीम का हिस्सा बन गए। कंपनी के संस्थापक राजेश राव बताते हैं कि Rockstar ने यह कंपनी यहां मौजूद बेहतरीन टैलेंट के लिए खरीदी थी।