नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के लाजपत नगर-2 इलाके में एक इमारत में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया है। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है।

जानकारी के मुताबिक, लाजपत नगर-2 की जी-5 बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद तुरंत दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घटना के वक्त कई लोग बिल्डिंग में फंसे हुए थे, जिन्हें पुलिस और फायर विभाग के कर्मचारियों की मदद से बाहर निकाला गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।

आग में झुलसने से गंभीर रूप से घायल गौरव और प्रेम सिंह को इलाज के लिए सफदरगंज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेम सिंह को सफदरगंज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि लाजपत नगर-2 की जी-5 बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया, साथ ही अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस बिल्डिंग में एक मीडिया हाउस स्थित है। इससे पहले बाहरी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार तड़के एक गोदाम में आग लगी थी, जिसे बुझाने के लिए दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया था।