नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE, NEET और CUET समेत अपनी सभी परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए आधार कार्ड के बायोमेट्रिक अपडेट को लेकर एक जरूरी सलाह जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, जिन उम्मीदवारों का आधार कार्ड 15 साल की उम्र से पहले बनवाया गया था, उन्हें परीक्षा से पहले अपने बायोमेट्रिक्स अपडेट करा लेने चाहिए। इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्र पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाना है, ताकि उम्मीदवारों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एनटीए के अनुसार, आधार बनवाते समय दर्ज बायोमेट्रिक जानकारी समय के साथ पुरानी पड़ सकती है। कम उम्र में आधार बनवाने वाले बच्चों के लिए 15 साल की उम्र में बायोमेट्रिक अपडेट कराना महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसमें उंगलियों के निशान और आंखों की पुतलियों से जुड़ी जानकारी शामिल होती है। अगर किसी उम्मीदवार का आधार 15 साल से पहले बना है और उसके बाद बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराया गया है, तो उसे इस प्रक्रिया को प्राथमिकता देनी चाहिए।

एजेंसी के मुताबिक, 17 साल की उम्र तक आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराने की सुविधा नि:शुल्क है। पात्र छात्र बिना किसी शुल्क के अपने बायोमेट्रिक विवरण अपडेट करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र या अधिकृत आधार केंद्र पर जाना होगा। यह प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी नहीं होती, इसलिए संबंधित उम्मीदवार को स्वयं केंद्र पर उपस्थित होना जरूरी है।

एनटीए ने यह सलाह इसलिए दी है कि परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों की पहचान की पुष्टि के दौरान आधार-आधारित सत्यापन भी अहम हो सकता है। अगर किसी उम्मीदवार का बायोमेट्रिक डेटा पुराना है तो पहचान सत्यापन में अधिक समय लग सकता है। इसलिए एजेंसी ने छात्रों को परीक्षा की तारीख नजदीक आने का इंतजार करने के बजाय पहले ही बायोमेट्रिक अपडेट कराने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा के दिन परेशानी से बचा जा सके।