पूर्वी दिल्ली में निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के पास विकास मार्ग पर 240 मीटर लंबा स्काईवॉक बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार इसका डिजाइन फाइनल हो चुका है और अगले एक या डेढ़ महीने में निर्माण शुरू हो जाएगा। यह पूर्वी दिल्ली का पहला स्काईवॉक होगा।

मेट्रो स्टेशन के पास विकास मार्ग और पटपड़गंज रोड का चौराहा है। एक तरफ मॉल है और दूसरी तरफ लक्ष्मी नगर मार्केट, जबकि प्रीत विहार का कमर्शियल एरिया भी नजदीक है। मेट्रो से उतरने के बाद इन जगहों पर जाने के लिए चौराहे पर पैदल सड़क पार करना मुश्किल होता है, इसलिए चौराहे के आसपास ही स्काईवॉक बनाया जाएगा।

यह चार-आर्म स्काईवॉक होगा और हर आर्म की लंबाई करीब 60 मीटर होगी। जमीन से इसकी ऊंचाई करीब 5.5 से 6 मीटर रहेगी। हर आर्म का कॉरिडोर 3 मीटर चौड़ा और सीढ़ियों की चौड़ाई 2 मीटर रखी जाएगी। लिफ्ट की ऊंचाई 12 मीटर तक होगी। अधिकारियों के मुताबिक स्काईवॉक बनने से विकास मार्ग पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी, क्योंकि पीक आवर्स में पैदल सड़क पार करने वालों की वजह से गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो जाती है।

इससे पहले आईटीओ और बेनितो जुआरेज मार्ग पर स्काईवॉक बनाए गए हैं। आईटीओ डब्ल्यू पॉइंट पर बने मेन स्काईवॉक की लंबाई 485 मीटर और चौड़ाई 5 मीटर है, जबकि रैंप और लूप जोड़ने पर कुल लंबाई 615 मीटर हो जाती है। बेनितो जुआरेज मार्ग पर स्काईवॉक करीब 600 मीटर लंबा है। निर्माण विहार में प्रस्तावित स्काईवॉक का डिजाइन इससे थोड़ा अलग है, ताकि चौराहे और मेट्रो स्टेशन को पूरी तरह जोड़ा जा सके।