मोबाइल फोन और डिजिटल तस्वीरों के दौर में बेंगलुरु की सड़कों पर पोलरॉइड कैमरा एक बार फिर लोकप्रिय हो रहा है। एमजी रोड, ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट जैसे इलाकों में युवा पोलरॉइड कैमरे से लोगों की तस्वीरें खींचकर इस शौक को कमाई का ज़रिया बना रहे हैं। इसी इलाके में 28 साल की इवेंजलिन ग्रेस अपनी छोटी बेटी के साथ पोलरॉइड कैमरे से लोगों की तस्वीरें खींचती हैं। उनकी चार साल की एक बेटी है, जिसका ध्यान उनके पति रखते हैं, जबकि छोटी बेटी को वे अपने साथ लेकर आती हैं, क्योंकि जब तक वे घर नहीं लौटतीं, बच्ची न तो खाना खाती है और न ही सोती है।
ग्रेस ने बताया कि घर के हालात ऐसे हैं कि वे अपनी बेटी को लेकर किसी दफ़्तर में काम करने नहीं जा सकतीं। वे किसी दूसरे के लिए काम करने के बजाय अपना काम करना पसंद करती हैं। तस्वीरें खींचने का शौक उन्हें तीन साल पहले लगा, जब उन्होंने ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट पर एक युवा महिला को पोलरॉइड कैमरे से तस्वीरें खींचते देखा। दूसरी बार गर्भवती होने के बाद उन्हें कुछ समय के लिए यह काम रोकना पड़ा, लेकिन दूसरी बेटी के जन्म के कुछ महीने बाद उन्होंने फिर से काम शुरू कर दिया। ग्रेस हफ़्ते के पांच दिन तीन से चार घंटे तस्वीरें खींचती हैं, जबकि वीकेंड पर शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच काम शुरू करके पांच से छह घंटे तक तस्वीरें खींचती हैं।
सड़क पर लंबे समय तक रहने से बच्ची की सेहत पर असर पड़ने के सवाल पर ग्रेस कहती हैं कि यहां आने के बाद उसकी इम्युनिटी बेहतर हुई है। पहले वह अक्सर बीमार पड़ती थी, लेकिन अब ठीक रहती है। उन्हें भी बेटी के साथ रहने से सुकून मिलता है और वे ज़्यादा आत्मविश्वास के साथ काम कर पाती हैं। ब्रिगेड रोड पर तस्वीर खिंचवाने आईं नंदिनी का कहना है कि लोग अब फोन से बोर हो गए हैं और उन्हें कुछ अलग चाहिए, इसलिए इंस्टेंट पोलरॉइड का इस्तेमाल बढ़ रहा है। एक अन्य युवती स्मिता के मुताबिक, पोलरॉइड से तस्वीर खिंचवाने पर रेट्रो एहसास मिलता है और उस याद को बार-बार जिया जा सकता है।
ग्रेस अकेली ऐसी महिला नहीं हैं, जो इस काम से कमाई कर रही हैं। वहां कई युवा लड़के भी पोलरॉइड कैमरे लेकर लोगों की तस्वीरें खींचते हैं। इनमें से एक मोहम्मद शाहिद मंगलुरु के रहने वाले हैं। वे पांच दिन एक दफ़्तर में नौकरी करते हैं और सिर्फ़ वीकेंड पर ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट आते हैं। शाहिद के मुताबिक, पैसा आज आता है और कल चला जाता है, लेकिन यादें वापस नहीं आतीं।
