फिलीपींस भारत के साथ अपनी रक्षा साझेदारी का विस्तार करने की दिशा में तेजी से बातचीत कर रहा है। फिलीपींस के रक्षा मंत्री गिल्बर्टो सी. तेओदोरो जूनियर ने इस महीने कहा था कि उनका देश भारत के साथ केवल ब्रह्मोस मिसाइल ही नहीं, बल्कि एयर डिफेंस सिस्टम और अन्य कई हथियारों पर भी समझौता करना चाहता है।

फर्स्टपोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक फिलीपींस ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइलों की कम से कम छह और बैटरी खरीदने पर विचार कर रहा है और इनमें से कई प्रस्तावों पर बातचीत अहम चरण तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा फिलीपींस आकाश एयर डिफेंस सिस्टम, पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर, हेलीकॉप्टर और अंतरिक्ष सहयोग को लेकर भी भारत से चर्चा कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार फिलीपींस ने और ब्रह्मोस मिसाइलों के लिए ‘रिक्वेस्ट फॉर इंफॉर्मेशन’ जारी किया था, और भारत ने फिलीपींस के नौसैनिक जहाजों पर ब्रह्मोस लगाने की संभावना तलाशने का प्रस्ताव भी दिया है।

भुगतान को लेकर फिलीपींस के सामने कुछ वित्तीय दिक्कतें हैं। भारत हथियार सौदों के लिए ‘लाइन ऑफ क्रेडिट’ देता है, लेकिन फिलीपींस के सूत्रों के मुताबिक उसके संविधान में कुछ पाबंदियां हैं, जिससे इस सुविधा का उपयोग करना मुश्किल है। इस कारण भुगतान के दूसरे तरीकों पर विचार किया जा रहा है और फिलीपींस इन हथियारों की खरीद में भारत से कुछ रियायतें भी मांग रहा है।

रक्षा मंत्री तेओदोरो ने कहा था कि भारत एक समान विचारधारा वाला देश है और चीन के खिलाफ दोनों देशों के विचार एक समान हैं। रिपोर्ट के अनुसार आकाश एयर डिफेंस सिस्टम पर फिलीपींस के अधिकारियों को एक प्रजेंटेशन भी दिया गया, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अन्य हथियारों के साथ इसके इंटीग्रेशन की जानकारी दी गई। फिलीपींस की भौगोलिक बनावट को देखते हुए उसने अपनी जरूरत के मुताबिक ब्रह्मोस को ढालने का अनुरोध भी भारत से किया है।