सोशल मीडिया पर एक प्रयोग के तौर पर एक क्रिएटर सिर पर टोपी पहनकर खुद को मुस्लिम दिखाते हुए मंदिर पहुंचा। इंस्टाग्राम पर 'क्रेजी डोबो' नाम से अकाउंट चलाने वाले इस शख्स ने वीडियो में बताया कि मंदिर में मौजूद लोग उसे देख रहे थे, तभी पुजारी ने उसे अपने पास बुला लिया। पुजारी के सामने जाकर उसने अपनी टोपी उतार दी, लेकिन पुजारी ने प्रसाद देते हुए कहा कि कोई बात नहीं, सब एक है। क्रिएटर ने कहा कि यह सुनकर उसे खुशी मिली।
वीडियो के मुताबिक, मंदिर से बाहर निकलने पर एक व्यक्ति ने उसे रोककर सवाल पूछे। क्रिएटर ने अपना नाम और पता बताया, जिसके बाद उस व्यक्ति ने कहा कि जब भी मन करे आ जाया करो, सारे भगवान एक ही हैं। क्रिएटर ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज वह मुस्लिम बनकर मंदिर जाने की कोशिश कर रहा था और उसके मन में सवाल था कि लोग उसकी पहचान देखकर उसे अपने साथ शामिल करेंगे या इंसानियत उसकी पहचान बनेगी।
इस वीडियो को अब तक 38 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और यह इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कमेंट सेक्शन में लोग मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने इसे देश की सच्चाई बताया, तो दूसरे ने कहा कि यही सनातन है। एक यूजर ने टिप्पणी की कि सब एक ही भगवान की संतान हैं, जबकि एक अन्य ने सुझाव दिया कि अगली बार यह प्रयोग मस्जिद में भी किया जाना चाहिए।
बता दें कि इससे पहले भी इस तरह के वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। हाल ही में एक अन्य क्रिएटर मुस्लिम बनकर दुर्गापूजा में गया था और उसने अपना अनुभव साझा किया था।
