नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) अपने क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए तीन बड़ी योजनाओं पर काम करने जा रही है। इसके तहत लोड़ी गार्डन, नेहरू पार्क और शांति पथ स्थित ब्रिक्स गार्डन में पांच प्रकृति कैफे बनाए जाएंगे। वहीं, सरकारी भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए करीब 54 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। साथ ही 30 सार्वजनिक शौचालयों को तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा।

NDMC के वाइस चेयरमैन कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि लोड़ी गार्डन और नेहरू पार्क में दो-दो और ब्रिक्स गार्डन में एक प्रकृति कैफे बनाने को मंजूरी दी गई है। कैफे को ऐसे डिजाइन किया जाएगा कि इससे पार्कों की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि NDMC क्षेत्र में अब तक कुल 18.1 मेगावाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। अब करीब 54 करोड़ रुपये खर्च करके इसका विस्तार किया जाएगा।

सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 30 पुराने और खराब शौचालयों को नए सिरे से बनाया जाएगा। इनमें तीन पिंक टॉयलेट होंगे। नए शौचालयों में सेंसर वाले नल और फ्लश, बिना हाथ लगाए खुलने-बंद होने वाले दरवाजे और स्वचालित रोशनी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा खान मार्केट, जनपथ, मालचा मार्ग, मंडी हाउस, कनॉट प्लेस और हनुमान मंदिर में स्मार्ट शौचालय बनाए जाएंगे।

बैठक में प्रमुख नालों की सफाई और उनमें जमा गाद निकालने के लिए लगभग 106 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है।