नई दिल्ली: दिल्ली की पुरानी गलियों और इमारतों के बारे में अब मोबाइल पर जानकारी मिल सकेगी। शहर की करीब 1500 ऐतिहासिक इमारतों, पुरानी गलियों और पारंपरिक बाजारों की पहचान कर उनका इतिहास दर्ज किया जाएगा। इन जगहों पर क्यूआर कोड वाले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन्हें स्कैन करते ही लोग संबंधित स्थान की पूरी कहानी जान सकेंगे।

डीडीए और इंटैक के दिल्ली चैप्टर ने 16 नवंबर को 'रीडिस्कवरिंग दिल्ली: कनेक्टिंग पीपल, प्लेसेज एंड हेरिटेज' पहल के लिए एमओयू किया है। एलजी टी एस संधू के निर्देश पर शुरू हुई इस पहल के दौरान डीडीए के वाइस चेयरमैन एन. सरवण कुमार भी मौजूद रहे।

इस पहल में सिर्फ लाल किला या कुतुब मीनार जैसे प्रसिद्ध स्मारक ही नहीं, बल्कि कम चर्चित इमारतों, पुरातात्विक अवशेषों, पुरानी गलियों और पारंपरिक बाजारों को भी शामिल किया जाएगा। इंटैक पुराने दस्तावेजों, तस्वीरों और ऐतिहासिक रिकॉर्ड के जरिए इनकी जानकारी जुटाएगा।