समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान बुधवार देर शाम जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि अब चुनाव नहीं, इंक़लाब होगा। ख़ान ग़ाज़ियाबाद की डासना जेल में बंद थे। इससे एक दिन पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ईडी की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में उन्हें अंतरिम ज़मानत दी थी। रिहाई के कुछ घंटे बाद ही ईडी इस आदेश पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंची और तत्काल सुनवाई की मांग की। ईडी की मांग ख़ारिज करते हुए जस्टिस बागची ने कहा कि उन्हें अंतरिम ज़मानत पर रहने दीजिए। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में गुरुवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई।

रामपुर में अपने घर पहुंचने पर आज़म ख़ान ने कहा कि बधाई उन लोगों के लिए है जो संविधान, क़ानून, लोकतंत्र और इंसाफ़ में विश्वास रखते हैं। उन्होंने अदालत का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनका विश्वास और मज़बूत हो गया है कि देश तो आज़ाद है, लेकिन संविधान क़ैद है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर संविधान की आज़ादी की मांग करनी चाहिए। विधानसभा चुनावों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव नहीं होगा, इंक़लाब होगा, बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा। उन्होंने कहा कि अब लोग जाति या धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि हम जैसे लोग संविधान के लिए हमेशा जान देने को तैयार रहते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या वह माफ़िया हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने बच्चों के लिए स्कूल खोले और एक यूनिवर्सिटी बनाई। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा काम करने वाला शख़्स माफ़िया हो सकता है और मुर्ग़ी चोर, बकरी चोर, भैंस चोर ईडी के गुनहगार हो सकते हैं, तो वह अल्लाह से दुआ करते हैं कि हर गली में एक मुर्ग़ी चोर हो, ताकि वह एक यूनिवर्सिटी बना सके। उन्होंने कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाओं को मान लेना चाहिए कि उनकी साख़ ख़त्म हो रही है और उन्हें अपनी साख़ बचानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान होने के नाते उन्हें परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि एक ऐसे शख़्स को परेशान किया गया जिसका रिकॉर्ड बेदाग़ है। उन्होंने कहा कि उन्होंने तालीम का एक मंदिर बनाया, लेकिन मुसलमान होने की वजह से सरकारों ने उस तालीम के मंदिर को भी भारी नुक़सान पहुंचाया और सरकारों ने जो कुछ किया, वह ग़लत था।

उन्होंने कहा कि लोगों ने आज़ादी के नारे लगाने शुरू कर दिए हैं, जबकि हम पहले से ही आज़ाद हैं, लेकिन असल में संविधान को आज़ाद कराने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि जब तक संविधान आज़ाद नहीं होगा, तब तक इंसाफ़ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद ख़ान के ज़माने में ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग या विकास प्राधिकरण होता, तो वे भी जेल में होते और यूनिवर्सिटी नहीं बना पाते।

आज़म ख़ान की रिहाई पर भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत ने उनका समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान होने के नाते आज़म ख़ान को जेल में डाला गया। टिकैत ने कहा कि कितने ही मामलों में उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है और उनसे भी ज़्यादा गंभीर और जघन्य अपराधों में शामिल लोग खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें जेल में डाल दिया गया क्योंकि वह मुसलमान हैं। उन्होंने कहा कि वे दिखाना चाहते हैं कि वे मुसलमानों को निशाना बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हैदराबाद के उस शख़्स के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं की गई, जो यहां लगातार भड़काऊ बयान देता रहता है।

बार एंड बेंच के मुताबिक़, आज़म ख़ान को मंगलवार को हाई कोर्ट से अंतरिम ज़मानत मिली थी। जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की बेंच ने कहा कि एक दूसरे मामले में जेल से रिहा होने के बाद जेल के गेट पर ही ख़ान को गिरफ़्तार किया जाना ईडी की कार्रवाई के पीछे प्रेरित मंशा और दुर्भावना को साफ़ तौर पर दिखाता है। आज़म ख़ान और उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म प