चेन्नई : तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की अगुवाई वाली सरकार में शामिल विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद थोल थिरुमावलवन के श्रीलंका दौरे पर विवाद खड़ा हो गया है। थिरुमावलवन ने 17 नवंबर को जाफना जिले के वाल्वेट्टीथुरई में लिट्टे प्रमुख रहे वेलुपिल्लई प्रभाकरण के पूर्व आवास वाली जगह का दौरा किया। उन्होंने इस दौरे का वीडियो भी साझा किया है। वे 16 नवंबर को श्रीलंका में वरिष्ठ तमिल राजनेता एम.के. शिवजीलिंगम के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे।
बता दें कि प्रभाकरण का घर अब वहां मौजूद नहीं है। गृहयुद्ध खत्म होने के एक साल बाद 2010 में श्रीलंकाई सेना ने उनके पैतृक घर को ध्वस्त कर दिया था और जगह को समतल कर दिया गया। अब वहां केवल खाली जमीन का टुकड़ा बचा है, जहां लिट्टे प्रमुख के घर को दर्शाने वाला एक बोर्ड लगा है।
वीसीके तमिलनाडु की विजय सरकार को समर्थन दे रही है और उसमें शामिल है। पार्टी का लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के प्रति रुख नरम रहा है। वीसीके इंडिया गठबंधन का भी हिस्सा है। लिट्टे ने 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की थी। मई 2009 में बड़े सैन्य ऑपरेशन में प्रभाकरण मारा गया था।
इस बीच बीजेपी ने थिरुमावलवन की आलोचना की है। तमिलनाडु बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रभाकरण कोई स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन का प्रमुख था, जो राजीव गांधी की हत्या के लिए जिम्मेदार था। उन्होंने कहा कि ऐसे घर जाने का फैसला तमिलों के प्रति एकजुटता नहीं, बल्कि राजीव गांधी की स्मृति का अपमान है। बीजेपी प्रवक्ता ने तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस के साथ वीसीके के बने रहने पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।
