वडोदरा नगर निगम की सामान्य सभा ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसद यूसुफ पठान को प्लॉट देने के प्रस्ताव को बहुमत से मंजूर कर दिया है। निगम में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड बहुमत के चलते कांग्रेस का विरोध कारगर नहीं हो सका। रिपोर्टों के अनुसार यह प्लॉट करीब 20 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है, जो उन्हें पांच से छह करोड़ रुपये में मिलने की बात कही जा रही है। इस फैसले के बाद राजनीति गर्मा गई है।

इस बीच टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर एक पोस्ट का हवाला देते हुए यूसुफ पठान पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि शर्म आती है कि उनकी पार्टी ने इस "गद्दार" को टिकट दिया। उल्लेखनीय है कि यूसुफ पठान ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़कर कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी को हराया था। बाद में पार्टी में बगावत के बाद वे बागी हो गए। इससे पहले भी महुआ मोइत्रा बगावत के दौरान यूसुफ पठान पर हमला कर चुकी हैं और उन्हें "डरपोक" और "फट्टू" कहा था।

जानकारी के अनुसार यूसुफ पठान का परिवार वडोदरा के तादंलजा इलाके में रहता है, जो नगर निगम के वार्ड 10 में आता है। निगम की सामान्य सभा की मंजूरी के बाद अगले कुछ दिनों में उन्हें यह प्लॉट मिल सकता है और आगे की कार्रवाई को औपचारिकता माना जा रहा है। यह प्लॉट उनके आलीशान घर से सटा हुआ बताया जाता है। कांग्रेस ने वीएमसी से यह प्लॉट 10 करोड़ रुपये में राम मंदिर निर्माण के लिए मांगा था। प्लॉट के मुद्दे पर यूसुफ पठान ने अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।