सीकर: राजस्थान के शेखावाटी अंचल में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजे 20 नवंबर को आने हैं। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की हॉर्स ट्रेडिंग रोकने के लिए उन्हें अलग-अलग रिसॉर्ट और होटलों में ठहराया है। जानकारी के अनुसार भाजपा ने नीमकाथाना पंचायत समिति के 27 और पाटन पंचायत समिति के 19 प्रत्याशियों को रिसॉर्ट में शिफ्ट किया है। पार्टी ने सीकर के प्रत्याशियों को पुष्कर के अलग-अलग होटलों में भी रखा है। इनमें धोद ग्रामीण पंचायत समिति के प्रत्याशी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चित एक वीडियो में छह महिला प्रत्याशी अपने परिवारों के साथ स्विमिंग पूल में नहाते और डांस करते नजर आ रही हैं, जबकि कुछ महिला प्रत्याशी भजन-कीर्तन में व्यस्त बताई जा रही हैं। वहीं कांग्रेस ने पिपराली पंचायत समिति के प्रत्याशियों को उदयपुर में ठहराया है, जहां सीकर विधायक राजेंद्र पारीक खुद उनके साथ मौजूद हैं। एक अन्य वीडियो में विधायक के भतीजे अंकित प्रत्याशियों के साथ क्रिकेट खेलते और विधायक बाउंड्री के बाहर बैठकर मैच देखते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला और भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ दोनों ने बाड़ेबंदी को प्रशिक्षण शिविर बताया है।
जानकारी के अनुसार भाजपा में बाड़ेबंदी की तैयारी प्रदेश स्तर तक की गई है। प्रदेश नेतृत्व ने राज्य के तीन स्टार होटलों की सूची तैयार कराई है और उसी के आधार पर प्रत्याशियों को अलग-अलग जगह ठहराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला परिषद सदस्यों की व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रदेश स्तर के नेताओं के पास और पंचायत समिति प्रत्याशियों की व्यवस्था संबंधित विधायक या विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नेताओं को सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि मतगणना के दिन प्रत्याशियों को केंद्र तक लाया जा सकता है और परिणाम के बाद जीतने वालों को फिर बाड़ेबंदी में ले जाने की रणनीति है। सीकर में भाजपा की ओर से सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर तो कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पारीक सहित जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला मोर्चा संभाल रहे हैं।
दोनों दलों की नजरें सिर्फ अपने उम्मीदवारों पर नहीं, बल्कि माकपा, रालोपा और निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी टिकी हैं, क्योंकि स्पष्ट बहुमत न मिलने की स्थिति में ये विजयी प्रत्याशी सत्ता के समीकरण बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि सीकर जिला प्रमुख का पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, इसलिए जिला परिषद में बहुमत के साथ जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर भी दलों की निगाहें टिकी हैं। फिलहाल सबकी नजर 20 नवंबर की मतगणना पर है, तब तक रिसॉर्ट्स में प्रत्याशियों की निगरानी और सियासी रणनीति का दौर जारी है।
