पटना में कच्ची दरगाह वाया राघोपुर बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल का नाम अब 'नीतीश सेतु' रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 तारीख को इसके लोकार्पण के लिए बिहार आ रहे हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'नीतीश सेतु' का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे। सोशल मीडिया और सूचना जनसंपर्क के वीडियो में दिख रहा है कि सीएम की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने निशांत कुमार को ठेलकर किनारे कर दिया, जिसके बाद वे चुपचाप वहां से चले गए। इस घटना पर बिहार में सियासी बवाल मचा हुआ है।
जेडीयू की ओर से सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई की मांग की जा रही है, जबकि कुछ जेडीयू नेता सुरक्षाकर्मी का बचाव कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने सफाई जारी की है। एसएसजी ने एक पत्र में कहा है कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाए जाने की घटना को प्रचारित किया जा रहा है। पत्र के मुताबिक, इस घटना की जांच की गई और जांच में पाया गया कि सुरक्षाकर्मी द्वारा सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के अनुरूप काम करने के दौरान मानवीय भूल से यह घटना हुई। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ महीने पूर्व तक करीब दो दशकों तक निशांत कुमार को एसएसजी द्वारा ही सुरक्षा प्रदान की गई थी। पत्र पर समादेष्टा, विशेष सुरक्षा दल बिहार, पटना का हस्ताक्षर है।
वीडियो में दिख रहा है कि काला चश्मा पहने एक सुरक्षाकर्मी निशांत कुमार के कान में कुछ कहने के बाद भी उन्हें ठेलकर हटा रहा है। इस मामले पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने पत्रकारों से कहा है कि बात का बतंगड़ मत बनाइए, जबकि अशोक चौधरी ने कहा है कि सुरक्षाकर्मी ने देखा नहीं। वहीं जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने साफ कहा है कि इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए और निशांत कुमार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जेडीयू नेता अभिषेक झा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मामले ने तूल पकड़ लिया है और सवाल उठ रहे हैं कि क्या सीएम की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मी ने निशांत कुमार को नहीं देखा, और क्या सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत सीएम के पास स्वास्थ्य मंत्री नहीं जा सकते। इन सवालों के जवाब भी तलाशे जा रहे हैं।
