लखनऊ में गुरुवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर एक बैठक हुई। राजभवन कॉलोनी स्थित उप मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस बैठक में लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया। बैठक में अभियान की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और आवश्यक मतदाता फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व आने वाला है और यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को गंभीरता से लेते हुए घर-घर तक पहुंचें और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन कराने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पूरी सक्रियता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अभियान में जुटना है और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में अभियान की सफलता के लिए आपसी समन्वय, जनजागरूकता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, उपाध्यक्ष विनायक पांडेय और योगेंद्र पटेल, विधानसभा प्रभारी रामदेव पाल, अभियान संयोजक मान सिंह सहित पार्षदगण और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
