कानपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रदेश समन्वय बैठक गुरुवार को संपन्न हुई। सूत्रों के अनुसार, तीन दिनों तक चली इस बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों पर गंभीर चर्चाएं हुईं। बैठक में संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रमुख मौजूद रहे।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बीजेपी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे व्यापारी, किसान, महिलाएं, डॉक्टर और इंजीनियर जैसे अपने-अपने क्षेत्रों में छोटी-छोटी बैठकें करें। इन बैठकों के जरिए लोगों की नाराजगी, परेशानी और आकांक्षाओं को समझकर उन्हें साथ लेने की बात कही गई। छोटे व्यापारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, जिन्हें बीजेपी का कोर वोटर माना जाता है। बीजेपी के सभी 403 विधानसभा प्रभारियों को भी ऐसी ही कसरत के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ, सेवा भारती, सहकार भारती, लघु उद्योग भारती, आरोग्य भारती, हिंदू जागरण मंच, विज्ञान भारती, क्रीड़ा भारती और अधिवक्ता परिषद सहित संघ के आनुषांगिक संगठनों के प्रमुख उपस्थित थे। इन संगठनों को भी समाज में इसी तरह की बैठकें करने के निर्देश दिए गए और उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों को संघ के प्रमुख लोगों के सामने रखा।

सूत्रों के अनुसार, संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने अलग-अलग सत्रों में कई बैठकें लीं और कार्यकर्ताओं को पुरानी नाराजगी छोड़कर पूरे उत्साह से चुनाव में जुटने का संदेश दिया। बैठक में सबसे अहम जिम्मेदारी बीजेपी के मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को दी गई, जो अपनी टीमों के साथ शहरों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक हर वर्ग के साथ 15-20 लोगों की छोटी बैठकें करेंगे। संघ ने वैश्य बिरादरी के चर्चित चेहरों को भी मैदान में उतारा है। बीते महीनों में ब्राह्मण और वैश्य समुदायों की बीजेपी से नाराजगी के दावे कई बार सामने आए हैं। उल्लेखनीय है कि 2013 से 2022 तक लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी आरएसएस और बीजेपी ने ऐसी हजारों छोटी बैठकें की थीं।