वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानदीप एकेडमी स्कूल परिसर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। छात्रावास की छत से गिरकर 12 वर्षीय छात्रा स्नेहा मिश्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हर ऐंगल से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के सीवान की रहने वाली स्नेहा मिश्रा पुत्री तारकेश्वर मिश्रा लंका थाना अंतर्गत ज्ञानदीप एकेडमी के परिसर में ही स्थित चार मंजिला छात्रावास में रहती थी। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे स्कूल परिसर में अचानक हड़कंप मच गया, जब सफाई कर्मियों और स्कूल की तैयारी में लगे बच्चों ने स्नेहा को छात्रावास के सामने फर्श पर पड़ा देखा। तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई और छात्रा को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही एडीसीपी वैभव बांगड़ और एसीपी गौरव कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मौका मुआयना करते हुए घटना की हर ऐंगल से जांच कर रही है और छात्रावास के बच्चों तथा स्कूल प्रबंधन के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।