मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक और बाघ की मौत का मामला सामने आया है। मानपुर बफर परिक्षेत्र के देवरी-बी बीट में 8 से 10 साल के वयस्क नर बाघ का सड़ागला शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। प्रभारी क्षेत्र संचालक अनुराग कुमार के मुताबिक, 18 नवंबर को दोपहर बाद नियमित पैदल गश्त के दौरान बीट प्रभारी देवरी-बी और सुरक्षा श्रमिक ने सबसे पहले शव देखा। सूचना मिलने पर सहायक संचालक मानपुर और वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर मौके पर पहुंचे।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य सुरक्षित किए गए। शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया और मेटल डिटेक्टर की मदद से घटनास्थल तथा आसपास के जंगल में सघन तलाशी ली गई। हालांकि, वन विभाग को कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली।
19 नवंबर को डॉ. अभय सेंगर और पशु चिकित्सक डॉ. विपिन चन्द्र आदर्श ने शव का पोस्टमार्टम किया। वन विभाग के अनुसार, बाघ के सभी अवयव, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए और जरूरी नमूने एकत्र किए गए। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया। मौत की वास्तविक वजह प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पूरी कार्रवाई के दौरान रिजर्व के उप संचालक योहान कटारा, NTCA प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति, वन विभाग के अधिकारी और मैदानी कर्मचारी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत मझखेता की सरपंच सावित्री प्रजापति, उप सरपंच तेजभान सिंह और नायब तहसीलदार सनत सिंह भी घटनास्थल पर उपस्थित थे। शव सड़ागला मिलने से मौत का समय स्पष्ट नहीं है और तलाशी में कोई संदिग्ध सुराग नहीं मिला। फिलहाल शिकार या किसी अन्य कारण से मौत बताने के पर्याप्त साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। वन विभाग ने आसपास के जंगल में निगरानी और गश्त बढ़ाई है।
