संभल जिले में हरिहर मंदिर को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को फिर चर्चा में आया, जब कैला देवी धाम के महंत ऋषिराजगिरि के नेतृत्व में निकाली जा रही पदयात्रा को पुलिस-प्रशासन ने रास्ते में रोक दिया। बैरिकेडिंग के पास समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के गिरने की खबरें सामने आईं और मौके पर कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा।

गुरुवार सुबह से ही प्रशासन पदयात्रा को लेकर सतर्क था। महंत ऋषिराजगिरि के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का समूह झंडे लेकर आगे बढ़ा, लेकिन मुख्य चौराहे और थाना मोड़ की ओर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। पदयात्रियों ने बैरियर हटाने की कोशिश की, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीओ कुलदीप सिंह और एसडीएम विकास चंद्र ने महंत ऋषिराजगिरि से बातचीत की। अधिकारियों ने न्यायालय में विचाराधीन मामले और शहर की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए पदयात्रा आगे नहीं ले जाने की अपील की। बातचीत के बाद पदयात्रा आगे बढ़ाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।

इसके बाद महंत ऋषिराजगिरि ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विवादित स्थल पर पूजा और नमाज को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित स्थल पर पूजा की अनुमति नहीं है तो नमाज भी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हरिहर मंदिर के पट खुलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही। गौरतलब है कि हरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद से जुड़ा विवाद अदालत में विचाराधीन है, और स्थल के धार्मिक स्वरूप तथा पूजा-अर्चना के अधिकार पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना है।