अमरोहा के तिगरी गंगा मेला-2026 में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे और संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कराई। चेकिंग के दौरान कई गाड़ियों में युवक शराब पार्टी करते पकड़े गए, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थार और स्कॉर्पियो समेत कुल 7 कारें सीज कर दीं।
तलाशी में गाड़ियों से शराब की 10 बोतलें और डंडे भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि मेले में हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
चेकिंग के दौरान का एसपी लखन सिंह का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह चेकिंग करते नजर आ रहे हैं। जिस थार की चेकिंग की जा रही थी, उसमें डंडा और बीयर की बोतलें भी मिलीं। इस दौरान एसपी लखन सिंह ने कहा कि ये थार है या फिर बीयर बार। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
लखन सिंह यादव भारतीय पुलिस सेवा के 2018 बैच के अधिकारी हैं, जो उत्तर प्रदेश कैडर में तैनात हैं और अमरोहा में एसपी पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म 13 मई 1991 को हुआ। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है। इससे पहले वे नोएडा में पुलिस उपायुक्त (DCP) और कानपुर में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
