ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने चार्ज लेते ही सड़कों की सफाई करने वाली दो कंपनियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वर्ष 2004 बैच के आईएएस अधिकारी बलकार सिंह ने नौ जनपदों में डीएम और यूपीएसआईडीए सीईओ जैसे पदों पर सेवा दी है। प्राधिकरण के अनुसार, सड़कों की सफाई के दौरान धूल उड़ाने की शिकायत सोशल मीडिया के जरिए मिली थी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सीईओ के निर्देश पर यह कार्रवाई की।

स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि मैसर्स एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल लिमिटेड और मैसर्स यदुवंशी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किए गए हैं। दोनों कंपनियां ग्रेटर नोएडा में ट्रक माउंटेड मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के संचालन और रखरखाव के साथ सड़कों की यांत्रिक सफाई का काम कर रही हैं। कंपनियों को तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है और संतोषजनक जवाब न मिलने पर ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी गई है।

प्राधिकरण के मुताबिक, शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन सफाई के दौरान पानी का छिड़काव न किए जाने से मशीनों के पीछे धूल उड़ने की शिकायत मिली। नोटिस में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण, दिल्ली, सीपीसीबी और यूपीपीसीबी के निर्देशों के तहत सफाई से पहले पानी का छिड़काव और निर्धारित सावधानियां बरतना जरूरी है।

कंपनियों की मशीनों से धूल उड़ने को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रत्येक फर्म पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह राशि आगामी बिलों के भुगतान में कटौती करके वसूल की जाएगी। प्राधिकरण के उपमहाप्रबंधक विजय रावल ने कहा है कि प्रदूषण फैलाने वाले व्यक्ति या फर्म पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।