वाराणसी में देव दीपावली के आयोजन को लेकर होटल और नावों के किराए आसमान छू रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार शहर में करीब 7 हजार छोटे-बड़े होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे हैं, जहां इस बार कीमतें 7 हजार रुपये से लेकर 4 लाख रुपये तक पहुंच चुकी हैं। घाट किनारे के लग्जरी होटलों में दो से तीन दिन के पैकेज की कीमत करीब 4 लाख रुपये तक है। गंगोत्री क्रूज के सुइट रूम का किराया 3.5 लाख रुपये बताया जा रहा है।
नावों की बात करें तो देव दीपावली के दिन करीब 3000 छोटी-बड़ी नावें गंगा पर चलती हैं। छोटी नाव पर तीन घंटे के लिए प्रति व्यक्ति 3 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूला जा रहा है, जबकि गंगोत्री क्रूज पर एक कुर्सी की कीमत 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति है।
डीएवी कॉलेज के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर अनूप मिश्रा के अनुसार, प्रशासन के आंकड़ों के आधार पर इस बार देव दीपावली पर करीब 8 से 10 लाख लोग बाहर से बनारस आएंगे। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा खर्च होटल और नाव पर होता है, इसके अलावा खाने-पीने, ऑटो-टैक्सी, कपड़े और क्राफ्ट की खरीदारी पर भी लोग पैसा खर्च करते हैं। प्रति व्यक्ति 4 से 5 हजार रुपये का खर्च जोड़ने पर तीन दिन में करीब 450 से 500 करोड़ रुपये से ऊपर के कारोबार का अनुमान है।
