एआई चैटबॉट क्लॉड बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एंथ्रोपिक ने शुक्रवार को नैस्डैक पर धमाकेदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर 111.50 डॉलर पर खुले, जो 83 डॉलर के आईपीओ प्राइस से करीब 34 फीसदी ज्यादा है। इस लिस्टिंग के बाद कंपनी के करीब 4,250 कर्मचारी करोड़पति बन गए हैं। आईपीओ से कंपनी ने करीब 81 अरब डॉलर जुटाए, जो स्पेसएक्स के 75 अरब डॉलर के रिकॉर्ड से भी ज्यादा है। इसके साथ एंथ्रोपिक का वैल्यूएशन 1.9 लाख करोड़ डॉलर हो गया है।

प्राइवेट मार्केट रिसर्च फर्म सैकरा के अनुमान के मुताबिक, कंपनी के करीब 2,800 से 4,250 कर्मचारियों के पास कम से कम 10 लाख डॉलर (करीब 9.3 करोड़ रुपये) से ज्यादा के शेयर होंगे। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक करीब 598 कर्मचारियों के पास 100 मिलियन डॉलर (करीब 930 करोड़ रुपये) से ज्यादा के शेयर हैं। सबसे ज्यादा फायदा उन कर्मचारियों को हो रहा है जिन्होंने 2021 से 2023 के बीच जूनियर या एडमिनिस्ट्रेटिव पदों पर नौकरी शुरू की थी। उस समय उन्हें महज 52 सेंट (करीब 49 रुपये) प्रति शेयर पर स्टॉक ऑप्शन मिले थे।

एआई कंपनियों के कर्मचारियों के पास आ रहे इस पैसे का असर सैन फ्रांसिस्को बे एरिया के लग्जरी बाजार पर दिख रहा है। रियल एस्टेट ब्रोकरों के मुताबिक 25 से 35 साल के युवा एआई कर्मचारी 20 मिलियन डॉलर (करीब 186 करोड़ रुपये) तक के बजट में अपना पहला घर खरीद रहे हैं। अक्टूबर में सैन फ्रांसिस्को में 50 लाख डॉलर से ऊपर के 40 लग्जरी घर बिके, जो एक रिकॉर्ड है। टेक कर्मचारी 3.5 लाख से 8 लाख डॉलर कीमत वाली लग्जरी बोट्स खरीद रहे हैं, जबकि पालो ऑल्टो के शोरूम में 4.26 लाख डॉलर की मैकलारेन सुपरकार और 80 हजार से 1.35 लाख डॉलर तक की हाथ से बनी मैकेनिकल घड़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है।

इस बीच एंथ्रोपिक और भारतीय कंपनियों की वैल्यूएशन को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंडर उदय कोटक ने सवाल उठाया है कि क्या भारतीय कंपनियों की वैल्यूएशन कम है या उन्हें बदलते कारोबारी माहौल के साथ अपनी रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है। वहीं भारतीय निवेशक एंथ्रोपिक के शेयर तीन तरीकों से खरीद सकते हैं। आरबीआई की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम के तहत एक वित्त वर्ष में 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.33 करोड़ रुपये) तक विदेशी शेयर बाजार में निवेश किया जा सकता है। इसके अलावा जेरोधा, ग्रो, एचडीएफसी सिक्योरिटीज जैसे ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म और गिफ्ट सिटी के निवेश प्लेटफॉर्म भी विकल्प हैं।