म्यूचुअल फंड में एसआईपी यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान के जरिए नियमित अंतराल पर तय राशि निवेश की जाती है। इसमें निवेश की शुरुआत कम से कम 100 रुपये से की जा सकती है। ईटी वेल्थ की एक रिपोर्ट के अनुसार, पांच इक्विटी म्यूचुअल फंड्स ने बीते 10 वर्षों की एसआईपी में अच्छा रिटर्न दिया है। रिपोर्ट में 11 नवंबर 2026 तक के रिटर्न के आंकड़े दिए गए हैं। इन फंड्स में मोतीलाल ओसवाल मिड कैप, इन्वेस्को इंडिया मिड कैप, क्वांट ELSS टैक्स सेवर, निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप और क्वांट स्मॉल कैप शामिल हैं।
मोतीलाल ओसवाल मिड कैप फंड ने बीते 10 वर्षों में एसआईपी के जरिए 19.5 फीसदी का रिटर्न दिया है। इसमें एसआईपी निवेश 100 रुपये से शुरू होता है और इसकी मौजूदा नेट एसेट वैल्यू 120.5252 रुपये है। इन्वेस्को इंडिया मिड कैप में भी कम से कम 100 रुपये से एसआईपी शुरू की जा सकती है। इसकी मौजूदा नेट एसेट वैल्यू 245.92 रुपये है और इसने बीते 10 वर्षों में 19.9 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
क्वांट ELSS टैक्स सेवर ने बीते 10 वर्षों में 20 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस फंड में कम से कम 500 रुपये से एसआईपी शुरू की जा सकती है और इसकी मौजूदा नेट एसेट वैल्यू 466.4793 रुपये है। इसमें तीन साल का लॉक-इन पीरियड है, यानी निवेश की राशि तीन साल से पहले नहीं निकाली जा सकती। निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप ने बीते 10 वर्षों में 20.3 फीसदी का रिटर्न दिया है। इसमें कम से कम एक हजार रुपये से एसआईपी शुरू की जा सकती है, इसकी मौजूदा नेट एसेट वैल्यू 201.5371 रुपये है और इसमें लॉक-इन पीरियड की कोई अवधि नहीं है।
क्वांट स्मॉल कैप ने बीते 10 वर्षों में 23.8 फीसदी का रिटर्न दिया है। इसमें कम से कम 1000 रुपये से एसआईपी शुरू की जा सकती है, जबकि लंपसम के जरिए कम से कम 5 हजार रुपये निवेश किए जाते हैं। इस फंड की मौजूदा नेट एसेट वैल्यू 308.9691 रुपये है। डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, एनबीटी के नहीं। निवेशकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें, क्योंकि शेयर बाजार की परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं।
