मुजफ्फरनगर के राजनेता और कारोबारी शाहनवाज राना तथा उनके दो बेटों के खिलाफ 75 लाख रुपये का स्क्रैप हड़पने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आजाद समाज पार्टी के नेता शाहनवाज राना पर स्क्रैप और आयरन स्पंज की सप्लाई से जुड़े मामले में यह कार्रवाई हुई है। कोर्ट के आदेश पर नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक और उनके बेटों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाहनवाज राना मुजफ्फरनगर के चर्चित राजनेता और कारोबारी हैं और स्टील कारोबार से जुड़े हैं। वे आजाद समाज पार्टी के जरिए अपने परिवार की राजनीति आगे बढ़ा रहे हैं। वर्ष 2007 में वे बिजनौर सदर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। पिछले वर्षों में जीएसटी अधिकारियों से विवाद, गिरफ्तारी और ईडी की छापेमारी के कारण भी वे चर्चा में रहे हैं।

उनके परिवार का पश्चिमी यूपी की राजनीति में प्रभाव रहा है। उनके पिता हाजी बदरुज्जमां राना उर्फ बदर राना ने डीएवी कॉलेज से छात्र राजनीति में कदम रखा था और परिवार के औद्योगिक कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। शाहनवाज राना की पत्नी इंतखाब राना वर्ष 2011 में बिजनौर की जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई थीं। उनके चाचा कादिर राना मुजफ्फरनगर के पूर्व सांसद रहे हैं, जबकि दूसरे चाचा नूर सलीम राना वर्ष 2012 में चरथावल विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे।

आरोप शाहनवाज राना और उनके बेटों अब्दुल अहद राना तथा शाहआजम राना के खिलाफ स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई से जुड़े हैं। 75 लाख रुपये के माल की सप्लाई को लेकर मिली शिकायत के आधार पर यह केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।