मैकडॉनल्ड्स की एक पूर्व कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि जब ग्राहक उस पर यौन टिप्पणियां कर रहे थे, तब एक मैनेजर ने उसकी सुरक्षा नहीं की। 22 वर्षीय होप ने 2023 में वेस्ट मिडलैंड्स स्थित मैकडॉनल्ड्स की एक ब्रांच में काम किया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने वहां कुछ सीनियर सहकर्मियों को 16 और 17 साल की महिला कर्मचारियों को घूरते और उनके 18 साल के होने पर उनके साथ यौन संबंध बनाने की इच्छा जताते हुए भी सुना था।

होप उन सैकड़ों कर्मचारियों में शामिल हैं, जिन्होंने मैकडॉनल्ड्स के ख़िलाफ़ भेदभाव का मुक़दमा दायर किया है। इस हफ़्ते लंदन सेंट्रल एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल के जज ग्लेनी ने मैकडॉनल्ड्स की उस याचिका को ख़ारिज कर दिया, जिसमें कंपनी ने इन आरोपों को शुरुआती स्तर पर ही ख़ारिज करने की मांग की थी। जज ने फ़ैसला सुनाया कि 450 मामलों में क़ानूनी कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। अप्रैल में एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल में इन मामलों की सुनवाई होने की उम्मीद है। पता चला है कि ये मामले अप्रत्यक्ष भेदभाव से जुड़े हैं, न कि यौन उत्पीड़न से।

होप का कहना है कि जिस ब्रांच में वह काम करती थीं, वहां अक्सर यौन टिप्पणियां की जाती थीं और माहौल बेहद ख़राब था। उन्होंने एक घटना के बारे में बताया, जब एक मैनेजर पीछे से उनके पास आया और उनके कंधों पर हाथ रख दिया। होप के मुताबिक़, नाइट शिफ़्ट के दौरान दो ग्राहकों ने उन पर अश्लील टिप्पणियां कीं और एक मैनेजर उनका बचाव करने में नाकाम रहा। उन्होंने कहा कि मैनेजर ने उनसे कहा, "बस इसे सह लो और इससे निपट लो।" होप ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी चिंता कम उम्र के कर्मचारियों को लेकर थी।

होप ने बताया कि वह पैसों के लिए इस क़ानूनी लड़ाई में शामिल नहीं हुई हैं और उनका मक़सद है कि कंपनी कम उम्र के कर्मचारियों के साथ व्यवहार करने का अपना तरीक़ा बदले। ये दावे लॉ फ़र्म ली डे ने पेश किए हैं। मैकडॉनल्ड्स ने कहा है कि क़ानूनी कार्रवाई चल रही है, इसलिए वह किसी ख़ास मामले पर टिप्पणी नहीं कर सकती। कंपनी ने कहा कि उसने कर्मचारियों के प्रति "दृढ़ प्रतिबद्धता" के तहत कई पहलें शुरू की हैं और किसी भी तरह का उत्पीड़न, भेदभाव या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाता। ये ताज़ा घटनाक्रम 2023 में एक जांच के बाद सामने आए हैं, जिसमें पता चला था कि मैकडॉनल्ड्स में 17 साल तक के कर्मचारियों को यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा था।