गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन दिनों उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' पर हैं। इस यात्रा के दौरान उनका और उनकी पत्नी अमृता रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, एक पत्रकारवार्ता में दिग्विजय सिंह यूपी के कुंडा विधायक राजा भैया और बागेश्वर महाराज पर टिप्पणी कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने बागेश्वर बाबा पर बात शुरू की, अमृता रॉय ने हैरानी जताते हुए उन्हें रुकने का इशारा किया। उन्होंने दिग्विजय सिंह के पैर पर हाथ रखकर उन्हें रोकने का संकेत दिया।
इसके बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी बात को संभालते हुए कहा कि बागेश्वर बाबा जहां कथा करते हैं, वहां भाजपा की हार होती है, जो उनके लिए अच्छा है। उन्होंने आगे कहा कि कुंडा वाले राजा भैया उनके रिश्तेदार हैं और वहां छतरपुर के बागेश्वर महाराज कथा करने गए हैं। इस दौरान उन्होंने यह दावा भी किया कि जिन लोगों ने बागेश्वर महाराज की कथा कराई है, वे चुनाव हारे हैं। उन्होंने कहा कि वे तो चाहते हैं कि भाजपा वाले जगह-जगह बागेश्वर महाराज की कथा कराएं। बयान के समय अमृता रॉय के चेहरे पर हैरानी के भाव स्पष्ट दिखाई दिए।
बता दें कि कुंडा के नेता राजा भैया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आपस में रिश्तेदार हैं। जयवर्धन सिंह की शादी के अलावा राघौगढ़ किले में होने वाले खास कार्यक्रमों में राजा भैया अक्सर आते रहते हैं। वहीं, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री को भी जयवर्धन सिंह ने अपने राघौगढ़ किले पर आमंत्रित कर विशेष सत्कार किया था।
इस बीच, दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पहुंच चुकी है। यात्रा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से जमीन खरीदी में हुए कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई है। उनके अनुसार, जब ट्रस्ट से जुड़े महिपाल सिंह ने जमीन घोटाले की शिकायत की और दीनानाथ वर्मा ने निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने की बात उठाई, तो राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी चंपत राय ने भ्रष्टाचार पकड़ने वालों को ही पद से हटा दिया।
