रायपुर पुलिस ने नवजात शिशु को बेचने की कोशिश के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक आजाद चौक थाना क्षेत्र में ओडिशा की एक महिला को बंधक बनाकर उसके नवजात बच्चे को बेचने का प्रयास किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर निवासी कृतिका साहू और अहिल्या नामदेव तथा भिलाई निवासी गीतिका नाग शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी महिला ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क कृतिका साहू से हुआ, जिसने निशुल्क प्रसव और उपचार का झांसा देकर उसे रायपुर बुलाया। रायपुर आने पर कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई और उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहरा दिया।
शिकायत के मुताबिक तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। महिला के मना करने पर उसे डराया-धमकाया गया और चार नवंबर को प्रसव के बाद नवजात शिशु सहित उसे अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता की जानकारी दी है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके नेटवर्क, अन्य संलिप्त व्यक्तियों और पूर्व की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जांच में जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
