छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में छह महीने से दहशत फैला रहे कबरा हाथी को वन विभाग की टीम ने बुधवार को पकड़ लिया। वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार हाथी ने इस अवधि में 19 लोगों की कुचलकर हत्या कर दी थी। हाथी को ट्रैंकुलाइज करने के बाद रेडियो कॉलर लगाया गया और रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था, जिससे उसे ट्रैंकुलाइज करने में परेशानी हो रही थी। वन विभाग की टीम लगातार झुंड की निगरानी कर रही थी। अनुमति मिलने के बाद अलग-अलग टीमें छह दिनों से हाथी को ट्रैंकुलाइज करने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन हर बार वह बच जाता था।

अधिकारियों के अनुसार मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में घूम रहा था। सोमवार को कुमकी हाथियों की कबरा हाथी से भिड़ंत हुई थी, लेकिन उस दौरान वन विभाग की टीम निशाना नहीं लगा सकी। बुधवार सुबह झुंड रामगढ़ पहाड़ी के पास दिखाई दिया, जिसके बाद टीम ने कुमकी हाथियों की मदद ली।

कुमकी हाथी 'दुर्योधन' और 'तीरथ' के साथ टीम मौके पर पहुंची। कुमकी हाथी पर बैठकर कबरा हाथी के करीब पहुंचकर ट्रैंकुलाइजर गन से निशाना लगाया गया, जिसके बाद हाथी बेहोश हो गया और उसे जंजीर से बांध दिया गया। कबरा हाथी के कारण दोनों जिलों के कई गांवों में दहशत का माहौल था और हाथी को न पकड़ पाने से ग्रामीणों में आक्रोश था।