सुल्तानपुर के चांदा क्षेत्र स्थित बनवोकार गांव में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन बुधवार को पंडाल सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का मंच भी बना। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जायसवाल ने कार्यक्रम में शिरकत कर 150 ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए। 'फिलैंथ्रोपी फाउंडेशन' के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में एसपी ने दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की अहमियत समझाई।
एसपी जायसवाल ने कहा कि हेलमेट पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपना सिर और जीवन बचाने के लिए पहनें। उन्होंने इसे जीवन का सुरक्षा कवच बताया। उन्होंने युवाओं और वाहन चालकों को आगाह करते हुए कहा कि सड़क पर तेज रफ्तार या गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने जैसी एक छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे को न्योता देती है।
इस पहल को सफल बनाने में 'हेलमेट मैन ऑफ इंडिया' के नाम से मशहूर राघवेंद्र कुमार और फिलैंथ्रोपी फाउंडेशन के अध्यक्ष सुभित शुक्ला की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने खुद लोगों को हेलमेट पहनाकर यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
कथा के पांचवें दिन अयोध्या धाम से पधारे भागवताचार्य पंडित नीरज पांडेय के मुखारविंद से कथा सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। आध्यात्मिक माहौल के बीच जीवन रक्षा से जुड़े इस व्यावहारिक संदेश की क्षेत्रवासियों ने जमकर तारीफ की। श्रद्धालुओं का कहना था कि यह पहला मौका है जब किसी धार्मिक मंच से ऐसा संदेश दिया गया है, जो सीधे तौर पर लोगों की जान बचा सकता है।
