भारतीय संगीत जगत के लिए बड़ी खबर है। 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में पहली बार किसी तमिल गाने को नामांकन मिला है। देवन एकांबरम और गायिका सुशा के तमिल गाने 'वरुवाय' को 'बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस' श्रेणी में चुना गया है। इस श्रेणी में इस गाने की टक्कर शकीरा, बर्ना बॉय, एंजेलिक किडजो और रोसालिया जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के गानों से होगी। उल्लेखनीय है कि 'धुरंधर 2' के आठ गानों में से किसी को नामांकन नहीं मिला है।

'वरुवाय' तमिल कवि और स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्य भारती की लिखी कृष्ण भक्ति रचना है। इसे सुशा ने गाया है, जबकि संगीत देवन एकांबरम ने तैयार किया है। देवन ने बताया कि नामांकन की खबर उस समय मिली जब वह चेन्नई के एक शिव मंदिर में पूजा कर रहे थे और उनके फोन पर बधाई के करीब 15 संदेश एक साथ आए। उन्होंने कहा कि शकीरा और बर्ना बॉय जैसे कई बार ग्रैमी जीत चुके कलाकारों के साथ नामांकित होने पर थोड़ा डर भी लग रहा है।

सुशा उस समय स्टूडियो में रिकॉर्डिंग कर रही थीं। काम खत्म होने पर फोन खोला तो बधाई के सैकड़ों संदेश मिले। उन्होंने कहा कि हर संगीतकार का सपना ग्रैमी तक पहुंचना होता है, इसलिए वह बहुत उत्साहित हैं और इस सहयोग के लिए देवन का शुक्रिया अदा किया। गाने के नाम का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि 'वरुवाय' का मतलब है कृष्ण, क्या आप मेरे पास नहीं आएंगे।

देवन को अपने काम के लिए पहली बार व्यक्तिगत तौर पर ग्रैमी नामांकन मिला है। इससे पहले वह ग्रैमी से जुड़े चार प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि 'वरुवाय' में भारतीय शास्त्रीय और आधुनिक संगीत का मिश्रण है। गाना शुरू में राग बर्दिया में रिकॉर्ड करने की योजना थी, लेकिन सुशा के सुझाव पर इसे राग देस में तैयार किया गया। देवन ने कहा कि सुशा की आवाज ने जादू कर दिया और वह इसका हिंदी संस्करण बनाना चाहते हैं।