नई दिल्ली के कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर के पास एक गाय के खड़ी होने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। यह तस्वीर एक्स पर प्रतीक सैनी नाम के यूजर ने साझा की है, जिसमें गाय के अलावा सीढ़ियों से नीचे उतरते दो यात्री भी हैरानी से उसकी ओर देखते दिख रहे हैं।
तस्वीर वायरल होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी है। DMRC ने बताया कि स्टेशन परिसर से आवारा जानवरों को दूर रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और स्टेशन स्टाफ को फिर से सतर्क कर दिया गया है।
इस घटना पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने इस अप्रत्याशित नजारे पर चुटकी ली, जबकि कई लोगों ने मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया कि आखिर कोई जानवर स्टेशन के प्रवेश द्वार के इतने करीब कैसे पहुंच गया।
