मॉस्को में एक इंडस्ट्रियल मीटिंग के दौरान रूसी व्यापार मंत्री एंटोन अलीखानोव ने बताया कि रूस भारत के साथ मजबूत इंडस्ट्रियल पार्टनरशिप बनाना चाहता है और इसके लिए ऐसी दुर्लभ तथा एडवांस तकनीकें साझा करने की तैयारी में है, जिन्हें वह आमतौर पर किसी अन्य देश को नहीं देता। उनके मुताबिक, रूस एक ऐसा प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जो भारत की तकनीकी संप्रभुता और ज्ञान अर्जन के लिहाज से बेहद आकर्षक होगा। सूत्रों के अनुसार, इस योजना में भारत में विमान मैन्युफैक्चरिंग के लोकलाइजेशन और जटिल उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देने पर खास फोकस है। इससे पहले सितंबर में अपनी भारत यात्रा के दौरान अलीखानोव ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी, जिसमें भारत-यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (EAEU) मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को तेज करने और द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने पर चर्चा हुई थी।
ताजा सरकारी व्यापार आंकड़ों के मुताबिक, भारत-रूस व्यापार का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और इसमें गैर-तेल वस्तुओं की हिस्सेदारी बढ़ी है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2026) में भारत ने रूस से कुल 47.28 अरब डॉलर का आयात किया, जिसमें करीब 15 फीसदी (7.04 अरब डॉलर) हिस्सा कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के अलावा अन्य वस्तुओं का है। चीन के बाद रूस अब भारत का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेड इंपोर्ट सोर्स बन गया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी जंग की स्थिति के चलते सप्लाई चेन में व्यवधान आए हैं और इससे बचने के लिए भारत अपने कच्चे माल तथा वस्तुओं की खरीद में विविधता ला रहा है, जिससे रूसी वस्तुओं की मांग बढ़ी है।
आंकड़ों के विश्लेषण से साफ है कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में रूस से कोयला, उर्वरक और कृषि उत्पादों के आयात में जबरदस्त उछाल आया है। अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान रूस से कोयला, कोक और ब्रिकेट का इंपोर्ट 36 फीसदी बढ़कर 2.56 अरब डॉलर हो गया, जबकि फर्टिलाइजर का आयात 60 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 2.12 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वनस्पति तेल का इंपोर्ट 42 फीसदी बढ़कर करीब 1 अरब डॉलर और अलौह धातुओं का आयात 162 फीसदी बढ़कर 11.22 करोड़ डॉलर रहा। सबसे चौंकाने वाली बढ़ोतरी दालों के आयात में दिखी है, जहां सिर्फ छह महीनों में भारत ने रूस से 9.53 करोड़ डॉलर की दालें खरीदीं, जो पिछले पूरे वित्त वर्ष (2025-26) के कुल 8.11 करोड़ डॉलर के आयात से भी ज्यादा है।
कच्चे तेल के मोर्चे पर भी रूस से भारत की खरीद मजबूत बनी हुई है और पहली छमाही में 40.25 अरब डॉलर का तेल आयात किया गया है, जो पिछले पूरे वित्त वर्ष के कुल तेल आयात (44.38 अरब डॉलर) का करीब 90 फीसदी है। दोनों देश व्यापार असंतुलन को कम करने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार 68.7 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था, जबकि 2025-26 में यह करीब 60 अरब डॉलर था, जिसमें भारत का निर्यात 5 अरब डॉलर से कम था। हाल के दिनों में रूसी बाजार में भारतीय मांस, समुद्री उत्पाद, सब्जियां, चाय, कॉफी और मसालों की मांग में तेजी आई है, और अगस्त 2025 में EAEU के साथ औपचारिक रूप से शुरू हुई FTA वार्ता से भारतीय एक्सपोर्ट को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
