नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में दर्ज होने वाले मामलों की संख्या में कोविड के बाद से दोगुनी से भी अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस एमएम सुंदरेश ने इस स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री भारी दबाव में है और अदालत के सामने यह सवाल खड़ा है कि वह अंतिम सुनवाई के लिए लंबित मुकदमों को भी नहीं सुन पा रही है।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को जस्टिस एमएम सुंदरेश, जस्टिस प्रसन्ना बी वराले के साथ एक बेंच में थे। इस दौरान एक महिला वकील ने कहा कि उनका मामला सूची में आखिर में है, इसलिए उस दिन सुनवाई की संभावना नहीं है। उन्होंने अदालत से गुरुवार की तारीख के बजाय आगे की तारीख देने का अनुरोध किया, क्योंकि वह तब उपस्थित नहीं हो पाएंगी। कोर्ट ने सहमति दे दी और जस्टिस सुंदरेश ने यह गंभीर टिप्पणी की।
सुप्रीम कोर्ट में मामले बढ़ने की कई वजहें बताई जाती हैं। कोविड के दौरान ई-फाइलिंग की सुविधाएं बढ़ीं, जिससे दूर-दराज से भी लोग आसानी से अपनी याचिका दाखिल कर सके। महामारी के दौरान देरी से केस दर्ज करने के मामलों में अदालतों की ओर से छूट दी गई थी, जिसके कारण पाबंदियां कम होते ही अधिक लोगों को केस दर्ज करने का मौका मिला। नवंबर 2022 के बाद उन मामलों की भी केस के रूप में गिनती शुरू हुई, जिनका पंजीकरण नहीं हुआ था या जिनमें कुछ खामियां थीं, लेकिन वे डायरी में दर्ज थे।
कोविड की दूसरी लहर के बाद देश में अदालतों में फिजिकल सुनवाई ठप हो गई थी, जिससे लंबित मामले भी काफी बढ़ गए। दूसरी लहर से पहले सुनवाइयां फिजिकली और वर्चुअली दोनों तरह से हो रही थीं, लेकिन उसके बाद काम पूरी तरह वर्चुअल मोड पर आ गया और वह भी सिर्फ अति-महत्वपूर्ण मामलों में।
