न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की 'प्राकृतिक संसाधन और संघर्ष' विषय पर हुई बैठक में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हारिश परवथनेनी ने पाकिस्तान के दुष्प्रचार का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने इस चर्चा का इस्तेमाल अपने दुष्प्रचार के लिए किया, जिसके कारण भारतीय दल को जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारतीय दूत ने सिंधु जल संधि पर भारत का रुख स्पष्ट और सतत बताया।

भारतीय दूत ने बलूचिस्तान और खैबर प्रांत के प्राकृतिक संसाधनों को लेकर पाकिस्तानी सेना पर सवाल उठाए। उन्होंने व्हाइट हाउस में ली गई उस तस्वीर की ओर इशारा किया, जिसमें पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर ने पिछले सितंबर महीने में विदेशी नेताओं को खनिज पत्थरों से भरे लकड़ी के बक्से दिखाए थे। बताया गया कि पाकिस्तान ने इन्हें रेयर अर्थ के नमूने बताया था, और विश्लेषकों का कहना था कि अमेरिकी निवेश को आकर्षित करने के लिए यह लालच दिया गया था।

भारतीय दूत ने कहा कि पाकिस्तानी सेना प्राकृतिक संसाधनों से भरे प्रांतों में अपना कब्जा मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानियों का भला तभी होगा जब उनकी सेना देश के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल जनता के फायदे के लिए करे, न कि अपनी प्रशंसा के लिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सेना को पड़ोसियों के खिलाफ लड़ाई भड़काना बंद करना चाहिए, जो उनके अपने देश के लिए ही नुकसानदायक है।

बता दें कि अक्टूबर महीने में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आपातकाल लगाकर वहां की चुनी हुई सरकार को हटा दिया गया था। वहां इमरान खान की पार्टी पीटीआई की सरकार थी।