सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की रिलीज के एक हफ्ते के अंदर दो लाख से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं। किताब प्रकाशित करने वाली कंपनी हार्परकॉलिन्स इंडिया के CEO अनंत पद्मनाभन ने दिल्ली में बुक लॉन्चिंग के मौके पर किताब की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अब भारत में सिर्फ तीन तरह के लोग बचे हैं। पहले वो जिन्होंने किताब खरीदी और पढ़ी है, दूसरे वो जो अपनी खरीदी हुई कॉपियों के आने का इंतजार कर रहे हैं और तीसरे वो जिन्होंने किताब पढ़ी तो है, लेकिन इसे स्वीकार करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। CEO की इन बातों पर जोरदार तालियां बजीं और लोग हंस पड़े। सामने की पंक्ति में बैठे सोनिया और राहुल गांधी भी हंसने लगे।
पद्मनाभन ने बताया कि पिछले मंगलवार सुबह 10 बजे बिक्री के लिए उपलब्ध होने के बाद से इस संस्मरण की दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। उन्होंने इसे देश की सबसे तेजी से बिकने वाली किताब, पहली रचना, नॉन-फिक्शन कृति और संस्मरण बताया। प्रकाशक पहले ही कह चुके हैं कि किताब ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और यह स्वतंत्र भारत के इतिहास की सबसे बड़ी आत्मकथाओं में से एक बन गई है। अगस्त में घोषणा के बाद से ही किताब सुर्खियों में रही है।
किताब का विमोचन कार्यक्रम सोमवार को दिल्ली के ITC मौर्य में रखा गया था, जहां कार्यक्रम स्थल खचाखच भरा हुआ था। इस दौरान किताब को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, 'इंडिया' विपक्षी गठबंधन के प्रतिनिधियों, साहित्य जगत की हस्तियों और कई मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया, जिनमें तमिलनाडु के सी. जोसेफ विजय, कर्नाटक के डी.के. शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल थे।
