जयपुर: विदेश से एमबीबीएस की डिग्री लेकर लौटे युवाओं के फर्जी सर्टिफिकेट के एक मामले में राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। ADG SOG विशाल बंसल के अनुसार, विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को भारत में प्रैक्टिस के लिए फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) पास करना अनिवार्य होता है, लेकिन आरोपियों ने परीक्षा पास किए बिना फर्जी दस्तावेजों के सहारे राजस्थान मेडिकल काउंसिल (RMC) में रजिस्ट्रेशन करवा लिया। इस मामले में 4 फरवरी 2026 को SOG जयपुर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों में कोटपूतली-बहरोड़ निवासी सत्यप्रकाश खापरवाल (30) और जयप्रकाश (31) शामिल हैं, जो सगे भाई हैं और जिन्होंने 2013 से 2019 के बीच चीन की सुजो मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस किया। जयप्रकाश 7 बार प्रयास के बाद भी FMGE पास नहीं कर सका और यात्रा के दौरान हेमंत यादव के संपर्क में आया, जिसने 15-15 लाख रुपए लेकर दोनों के दिसंबर 2023 के फर्जी सर्टिफिकेट बनवा दिए। इसी तरह कोटपूतली-बहरोड़ के विमल यादव (28) ने कजाकिस्तान से डिग्री ली और हेमंत यादव को 20 लाख रुपए देकर जून 2023 का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाकर अलवर मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप शुरू की।
दौसा निवासी विश्वेन्द्र सिंह चेची (29) ने कजाकिस्तान से एमबीबीएस करने के बाद पड़ोसी इंद्रराज गुर्जर के जरिए 20 लाख रुपए देकर फर्जी सर्टिफिकेट लिया और धौलपुर मेडिकल कॉलेज से इंटर्नशिप पूरी कर प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन भी पा लिया, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया। बांसवाड़ा निवासी दिशांत टेलर (28) ने कजाकिस्तान से पढ़ाई के बाद जयपुर के यतीन्द्र पटेल की मदद से 20 लाख रुपए में फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया और दौसा मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप शुरू कर दी।
जांच में सामने आया है कि भानाराम माली, शुभम गुर्जर और इंद्रराज गुर्जर का गिरोह फर्जी सर्टिफिकेट और रजिस्ट्रेशन के नाम पर 20 से 30 लाख रुपए तक वसूलता था। इस खेल में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आई है, जिन्होंने कथित तौर पर मोटी रकम लेकर बिना दस्तावेजों की जांच किए प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन जारी कर दिए। SOG अब इस पूरे नेटवर्क की गहनता से पड़ताल कर रही है।