दिल्ली में 16 नवंबर को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' के लॉन्च के मौक़े पर उन्होंने और राहुल गांधी ने गांधी परिवार के निजी जीवन से जुड़े कई पहलुओं पर बात की। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। बीजेपी नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी समारोह में पहुंचे थे।

सोनिया गांधी ने बताया कि शादी के बाद अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ उनके शुरुआती रिश्ते कैसे थे और उन्हें 'मां' या 'मम्मी' कहने में झिझक क्यों होती थी। उन्होंने कहा कि वह इंदिरा गांधी से डरती थीं और समझ नहीं आता था कि उनसे कैसे बात करें और क्या कहें। इसकी एक वजह यह भी थी कि राजीव गांधी और संजय गांधी उन्हें 'मां' कहकर बुलाते थे। सोनिया गांधी ने कहा, "मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करने वाली थी। क्योंकि मेरे लिए तो मां सिर्फ़ एक थीं और वो मेरी मां थीं, मेरी इतालवी मां।" उन्होंने बताया कि वह इंदिरा गांधी से सीधे बात करने के बजाय कोई ऐसा रास्ता तलाशती थीं, जिससे उन्हें मां कहे बिना अपनी बात कह सकें, और धीरे-धीरे उन्हें मां कह सकीं, लेकिन इसमें वक़्त लगा।

सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी को प्रभावशाली व्यक्तित्व वाली महिला बताया, जिनसे वह प्रभावित भी थीं और थोड़ा डरती भी थीं। उन्होंने कहा कि कभी-कभी इंदिरा गांधी अपना आपा खो देती थीं और उस वक़्त उन्हें अपने पिता की याद आती थी, इसलिए वह चुप हो जाती थीं। ऐसे मौक़ों पर राजीव गांधी और संजय गांधी भी चुपचाप बैठकर इंदिरा गांधी का ग़ुस्सा शांत होने का इंतज़ार करते थे। उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद इंदिरा गांधी का व्यवहार बदल गया था।

सोनिया गांधी ने कहा कि किताब लिखने के दौरान इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या से जुड़े अध्याय लिखना उनके लिए आसान नहीं था। राहुल गांधी ने कहा कि परिवार ने पहले इंदिरा गांधी को खोया और फिर राजीव गांधी को। उन्होंने बताया कि उनकी मां की याददाश्त बहुत अच्छी है, लेकिन पिता की मौत के वक़्त क्या हुआ था, यह उन्हें याद नहीं आता। राहुल गांधी ने कहा कि राजीव गांधी के जाने के बाद उनकी मां की ज़िंदगी बदल गई और वह हंसती-खेलती मां की जगह एक नई मां आ गईं। सोनिया गांधी ने किताब लिखने की एक वजह यह भी बताई कि उनके परिवार के बारे में लगातार ऐसी बातें कही जाती रही हैं, जो वास्तविकता से मेल नहीं खातीं।