केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ओडिशा दौरे के दौरान भुवनेश्वर के हीरापुर में आयोजित 'खेत बचाओ अभियान' कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को एक मशीन से नारियल छीलते देखा। महिलाओं को काम करते देख चौहान खुद मशीन पर बैठ गए और पैडल चलाकर नारियल का छिलका उतारने लगे। मंत्री का यह अंदाज देखकर वहां मौजूद लोग मुस्कुराने लगे। उन्होंने मशीन को केवल देखा ही नहीं, बल्कि खुद चलाकर उसकी उपयोगिता भी समझी। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

कार्यक्रम में नारियल छीलने वाली मशीन का प्रदर्शन महिला श्रम को कम करने के उद्देश्य से किया गया था। नारियल का बाहरी रेशेदार छिलका उतारना मेहनत और समय लेने वाला काम है, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं लंबे समय तक हाथों से करती हैं। इसी परेशानी को कम करने के लिए ICAR-केंद्रीय कृषि महिला संस्थान (CIWA), भुवनेश्वर ने पैडल से चलने वाली नारियल डिहस्कर मशीन विकसित की है। इस तकनीक में बिजली की जरूरत नहीं होती और पैडल चलाकर नारियल का बाहरी छिलका निकाला जा सकता है।

मशीन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं का श्रम कम करने के साथ उनकी कार्यक्षमता और आमदनी के अवसर बढ़ाना भी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अब तक 150 स्वयं सहायता समूहों को यह मशीन उपलब्ध कराई जा चुकी है।