पटना: बिहार के हाजीपुर में जल्द उद्घाटन होने वाले पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने पर उठे विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है। हाजीपुर से सांसद चिराग ने उन अटकलों को भी खारिज किया कि उनके दिवंगत पिता रामविलास पासवान की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि उनके पिता किसी पुल या पुलिया से कहीं बड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को हाजीपुर में इस पुल का उद्घाटन करने वाले हैं।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी पुल के नामकरण के मुद्दे का राजनीतिकरण किए जाने पर अफसोस जताया और स्पष्ट किया कि चिराग पासवान और उनकी पार्टी इस तरह की छोटी सोच में विश्वास नहीं करते। चिराग ने कहा, ‘मुझे लगता है कि पुल के नामकरण (नीतीश सेतु) के मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है। यह छोटी सोच को दर्शाता है, जिसका न तो मेरी पार्टी और न ही मैं समर्थन करते हैं।’
चिराग से पूछा गया था कि क्या पुल का नाम उनके पिता के नाम पर रखा जाना चाहिए था, जिन्होंने हाजीपुर में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शुरू कराई थीं और रेल मंत्री रहते हुए इसे रेलवे का क्षेत्रीय मुख्यालय भी बनवाया था। उन्होंने कहा, ‘मेरे पिता किसी पुल या पुलिया से कहीं बड़े हैं। बेशक, हाजीपुर को देशभर में पहचान दिलाने में उनका बड़ा योगदान रहा है। उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ था, क्योंकि उन्होंने एक बार इस लोकसभा सीट से रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी।’
यह संदर्भ वर्ष 1977 में रामविलास पासवान के लोकसभा चुनाव में पहली बार जीत दर्ज करने से जुड़ा है, जब उन्होंने हाजीपुर सीट से 4.24 लाख मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की थी। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग ने कहा कि उनके पिता के नाम कई उपलब्धियां दर्ज हैं, इसी कारण बिहार सरकार ने उनकी जयंती पर राजकीय समारोह आयोजित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उनके पिता को और भी कई सम्मान मिल सकते हैं, लेकिन उनका मानना है कि लोगों को उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए याद किया जाना चाहिए, न कि मिले सम्मानों के लिए।
