सहारनपुर में उर्मिला सनावर मंगलवार को अटैची लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और डीएम तथा एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनके सहयोगियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की।
अपने प्रार्थना पत्र में उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक ने उन्हें नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए लंबे समय तक शारीरिक व मानसिक शोषण किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहली पत्नी की मृत्यु होने की बात कहकर उनसे विवाह किया गया, जबकि बाद में पता चला कि पहली पत्नी जीवित है। उन्होंने अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाने, घर में डकैती डलवाने, हत्या की साजिश रचने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए।
मीडिया से बातचीत में उर्मिला ने दावा किया कि वह पिछले तीन-चार वर्षों से प्रताड़ना झेल रही हैं और पहले भी कई बार शिकायतें दे चुकी हैं, लेकिन न्याय नहीं मिला। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर भी आरोप लगाया कि घर में हुई कथित डकैती के मामले में कार्रवाई नहीं हुई और कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध है। उनका यह भी आरोप है कि राजस्थान ले जाकर जहर देने की साजिश की गई और चलती ट्रेन में फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से जुड़े ऑडियो और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
उर्मिला ने अपनी सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि पहले उन्हें एक्स श्रेणी की सुरक्षा मिली थी, जिसे हटा दिया गया है, और अब घर के आसपास संदिग्ध लोगों द्वारा रेकी किए जाने का दावा किया। अटैची लेकर पहुंचने के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें प्रशासन पर भरोसा नहीं है और कभी भी किसी मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है, इसलिए वह जरूरी कपड़े और सामान साथ लेकर चलती हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा देने की मांग की है।
