बिहार के शेखपुरा जिले में एक प्रेमी युगल के विवाह का उस समय विरोध हो गया, जब वे शादी कर मंदिर से निकल रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक, चेवाड़ा के सियानी गांव की बालिग चांदनी और लखीसराय जिले के कलभैरो गांव के युवक गौतम कुमार शादी करने के लिए पहुंचे थे। स्थानीय हनुमान मंदिर में विवाह के बाद जब दोनों वहां से जाने लगे, तभी गौतम की मां और भाई वहां पहुंच गए। दोनों ने इस शादी का विरोध किया और युवक को खींचकर ले जाने लगे। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोग तमाशबीन होकर देखते रहे और धीरे-धीरे भीड़ जमा हो गई।

मामले की सूचना पर शेखपुरा की डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हंगामा कर रहे मां और भाई को शांत कराया और सभी को थाने ले आई। थाने पर लड़की और लड़के ने खुद को बालिग बताया। चांदनी ने बताया कि उसकी शादी से उसके माता-पिता को कोई एतराज नहीं है और दोनों को बताने के बाद ही उसने गौतम से शादी की है। उसके अनुसार विरोध केवल गौतम की मां और भाई कर रहे हैं।

प्रेमी गौतम ने बताया कि वे लखीसराय में लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए जाते थे, जहां दोनों की दोस्ती हुई और फिर एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इस बीच चांदनी की मां उसे शादी कराने के लिए हिमाचल लेकर चली गई। जब गौतम को इसकी जानकारी मिली तो वह भी हिमाचल पहुंच गया और वहां चांदनी से वादा किया कि बिहार लौटने पर वह उससे शादी करेगा। चांदनी छठ से पहले गांव आई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया।

गौतम ने बताया कि यह शादी चांदनी के माता और पिता की रजामंदी से हुई है, लेकिन उसकी मां और भाई इसका विरोध कर रहे हैं। थाने में पुलिस ने लड़के की मां और भाई को समझाया और इसके बाद दोनों को थाने से विदा कर दिया।