मुंबई: महाराष्ट्र में वीर सावरकर और बाल ठाकरे को लेकर राजनीति गरमा गई है। एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने सोनिया गांधी पर वीर सावरकर के अपमान का आरोप लगाया है। शिंदे गुट ने सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ़ लव' पर महाराष्ट्र में प्रतिबंध लगाने की मांग की है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि किताब के पेज नंबर 201 पर लिखी बात बालासाहेब ठाकरे का अपमान है। शिंदे गुट के नेताओं का यह भी कहना है कि यह किताब हिंदुत्व विरोधी है और इसे 'बिलॉन्गिंग ऑफ जिहाद' कहा जाना चाहिए। नेताओं ने किताब फाड़कर विरोध जताया।
इस बीच संजय निरुपम के साथ मीडिया के सामने किताब का विरोध करते समय शाइना एनसी ने गलती से एक तस्वीर फाड़ दी, जिसमें शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे मणिशंकर अय्यर को चप्पल मारकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। इस घटना पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना और कांग्रेस ने एकनाथ शिंदे को घेर लिया है।
उद्धव ठाकरे की पार्टी के नेता संजय राउत ने कहा है कि बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ी जा रही है क्योंकि ये सभी लोग किराए के टट्टू हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा ही हुआ कि ये धोखेबाज लोग भाग गए, इनकी न कोई विचारधारा है, न नैतिकता, न कोई नेता और न ही कोई वफादारी। राउत ने आगे कहा कि जो लोग आदरणीय बालासाहेब का अपमान करते हैं, उन्हें सबके सामने कोड़े मारे जाने चाहिए।
कांग्रेस ने भी हमला बोला है। महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने आरोप लगाया है कि शिंदे के नेताओं ने जानबूझकर बालासाहेब की तस्वीर फाड़ी है, कोई गलती से नहीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस महाराष्ट्र में सत्ता पाने के लिए बालासाहेब के कंधों पर चढ़े और मौका मिलते ही बालासाहेब की शिवसेना को तोड़ने की साजिश रची।