बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार 8 से 9 अपराधी बाइक पर आए और शोरूम में घुस गए। कर्मचारियों से मारपीट के बाद बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना CCTV में कैद बताई जा रही है।

जिले के सुप्रिया रोड स्थित गोल्ड शोरूम में अपराधियों ने हथियार के दम पर करोड़ों की लूट को अंजाम दिया। सेनको गोल्ड शोरूम में हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक करीब 8 से 9 अपराधी बाइक पर आए और शोरूम में घुस गए। कर्मचारियों से मारपीट करने के बाद वे बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि शोरूम के पहली और दूसरी मंजिल पर करीब 20 मिनट तक लूटपाट की गई। खबरों के अनुसार लुटेरों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कुछ को बंदूक की बट से घायल कर दिया। शोरूम स्टाफ ने बताया कि दो कर्मचारियों का सिर फोड़ा गया है। यह भी पता चला है कि लुटेरे गहनों के अलावा नकदी भी लेकर फरार हुए।

बताया जा रहा है कि 10 करोड़ से ज्यादा के गहनों की लूट हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। घटना के बाद एसपी कुमार गौतम और डीआईजी हरकिशोर राय प्रतिष्ठान पहुंचे और जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस प्रशासन अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए छानबीन में जुटा है और सभी संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है।