बिहार कैबिनेट ने बक्सर से भागलपुर तक प्रस्तावित 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने और विशेषज्ञ सलाहकारों की सेवाएं लेने के लिए 66.58 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से एक्सप्रेस-वे के निर्माण की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ेगा।
प्रस्तावित रूट के अनुसार, यह एक्सप्रेस-वे बक्सर से शुरू होकर अरवल, जहानाबाद और राजगीर के रास्ते आगे बढ़ेगा। इसके बाद सिकंदरा और मुंगेर के भीमबांध के निकट से गुजरते हुए भागलपुर तक पहुंचेगा। इस तरह यह परियोजना राज्य के सात जिलों को सीधा सड़क संपर्क देगी।
परियोजना की खास बात यह है कि भागलपुर पहुंचने के बाद इस एक्सप्रेस-वे को आगे प्रस्तावित रक्सौल-हल्दिया हाईवे से जोड़ने की योजना है। इससे बिहार के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच संपर्क मजबूत होगा और राज्य का सड़क तंत्र एक बड़े राष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ जाएगा।
मंजूर राशि से सड़क के सटीक रूट, संभावित लंबाई, भूमि की आवश्यकता और कुल निर्माण लागत का गहन अध्ययन किया जाएगा। रास्ते में बनने वाले पुल-पुलियों, फ्लाईओवर और अन्य तकनीकी जरूरतों का भी आकलन होगा, जिसके बाद निर्माण की समयसीमा तय होगी। सरकार का मानना है कि इससे आवागमन सुगम होगा, किसानों को उपज बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी और व्यापार, निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
